पोस्टमार्टम हाउस पर खड़े प्रेमपाल के परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
राजेपुर। रविवार देर शाम अनियंत्रित टेंपो पलटने से ग्रामीण की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीण की मौत पर परिजन रो-रो कर बेहाल हो गए।
थाना क्षेत्र के गांव कमालउद्दीनपुर निवासी प्रेमपाल उर्फ पप्पू (40) खेती करता था। वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव दनियामानपुर अपनी रिश्तेदारी में गया था। रविवार देर शाम वह टेंपो से अपने घर वापस आ रहा था।
कमालउद्दीनपुर पुलिया के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो के नीचे दबने से प्रेमपाल व नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव मंझना निवासी कटोरी देवी पत्नी फिरंगी, रीना पत्नी राजेश कुमार, मंजू देवी पत्नी सोहनलाल व राजेश कुमार व सोहनलाल घायल हो गए।
हालत गंभीर होने पर प्रेम पाल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान प्रेमपाल की मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। प्रेमपाल की मौत पर उसके भाई देवेंद्र सिंह, बहन बिटोली देवी, ऊषा का रो रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं अन्य घायलों को सीएचसी राजेपुर में इलाज के लिए भेजा गया था।