गोदाम में लगी नमक की बोरियां।
- फोटो : amarujala
नमक महंगा होने की अफवाह से शहरी और गांव में खड़े (बगैर पिसा) नमक की दुकान के बाहर रखी बोरियों को ग्रामीण चोरी से उठा ले गए। फतेहगढ़ में भोलेपुर के पास नमक महंगा होने की अफवाह फैला रहे युवकों को सिटी मजिस्ट्रेट ने डंडा मारकर खदेड़ा। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों को खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार की देर शाम नमक महंगा होने की अफवाह से पब्लिक दुकानों पर टूट पड़ी। किसी ने 50 रुपये तो किसी ने 200 रुपये तक में नमक का पैकेट खरीदा। डीएम के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया।
भोलेपुर बिजली विभाग के पास अफवाह फैला रहे युवकों को डंडा मार कर खदेड़ा। सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों को चेतावनी देकर कहा कि नमक महंगा नहीं हुआ है। लोग अफवाह फैलाकर लॉ-एंड-ऑडर बिगाड़ना चाहते है। अफवाह फैलाने वालों की जानकारी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार की रात मोहल्ला अवंतीबाई नगर निवासी अवधेश पाल, मोहल्ला माडल शंकरपुर निवासी दुकानदार भइया लाल शाहू की दुकान के बाहर साबुत नमक की बोरियों को लोग रात में चुरा ले गए।
अमृतपुर प्रतिनिधि के अनुसार कसबा निवासी तुलाराम गुप्ता की दुकान के बाहर रखी साबित नमक की 15 बोरी, दुर्गेश की दुकान के बाहर रखी 5 बोरी और अशोक गुप्ता की दुकान के बाहर रखी तीन बोरियों को रात में कुछ लोग चोरी कर ले गए। दुकानदारों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी है।