पकड़े गए गोवंशों को पुलिस ने ट्रक से नीचे उतारा।
- फोटो : amarujala
गोवध के लिए पशुओं से भरा ट्रक रास्ता भटक कर गंगा की कटरी में जाकर रेती में फंस गया। ट्रक निकालने के दौरान पशुओं के होने की आहट पर ग्रामीणों ने शोरशराबा मचाना शुरू कर दिया, जिससे चालक व अन्य लोग ट्रक मौके पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पशुओं को ग्रामीणों के हवाले कर दिया।
शुक्रवार रात गोवध के लिए ट्रक पर पशुओं को लादकर चालक कोहरे में रास्ता भटक गया और रामगंगा की कटरी की ओर चला गया। यहां ट्रक रेती में फंस गया। ट्रक में सवार लोगों ने ट्रक को काफी निकालने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं निकल पाया। इस दौरान खनन के लिए आए ट्रैक्टरों पर सवार लोगों से ट्रक वालों ने ट्रक निकलवाने का लालच दिया।
ट्रैक्टर सवार लोगों ने जब उसे निकलवाने का प्रयास किया तो ट्रक में पशुओं के होने की जानकारी हुई। इस पर उन्होंने शोरशराबा करना शुरू कर दिया, जिससे चालक समेत ट्रक सवार लोग ट्रक को छोड़कर भाग गए। इसकी जानकारी राजेपुर पुलिस को दी गई। सूचना पर एसओ भीम सिंह जावला मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ट्रक से पशुओं को निकलवाकर ग्रामीणों के हवाले कर दिया। दरोगा गोकुल सिंह ने बताया कि 28 पशुओं को ग्रामीणों के सुपुर्द किया है।