थाना क्षेत्र नसरतपुर में रामऔतार के घर से बावरिया गिरोह ने ढाई लाख की नगदी और जेवर लूटे थे। लूटे गए माल का खुलासा सेना में कार्यरत रामऔतार के बड़े बेटे संजीव यादव ने किया है।
मंगलवार रात को घटी घटना में बावरिया गिरोह ने रामऔतार, उनकी पत्नी कमला और सबसे छोटे बेटे उपेंद्र को मरणसन्न कर लूट की थी। तीनों सदस्य सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। लुटेरे कितना माल लूट कर ले गए इसका खुलासा रामऔतार के बड़े बेटे, जो जम्मू में सेना में तैनात हैं, के आने के बाद हुआ।
अमर उजाला से फोन पर बातचीत के दौरान सैनिक संजीव ने बताया कि तकरीबन ढाई लाख रुपये और जेवर लुटेरे लूट ले गए हैं। उनके यहां इससे पहले भी डाका पड़ चुका है। उन्होंने बताया कि जब उनका जन्म हुआ था तो गांव के ही कुछ लोगों ने उनके घर में डाका डलवाया था। उस समय की घटना की चर्चा उनके पिता रामऔतार यादव उनसे अक्सर किया करते थे। संजीव ने बताया कि उनके पिता की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है वह आईसीयू में भर्ती हैं।
जबकि भाई उपेंद्र और मां कमला देवी सभी को पहचानने लगी हैं।