फर्रुखाबाद। बिजली चोरी की जांच के दौरान अवर अभियंता पर हमला कर पीटने के आरोपी रोडवेज कर्मी को लोहिया अस्पताल से पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी की ईएमटी पुत्री ने हंगामा किया तो महिला पुलिस बुलाई गई। रोडवेज कर्मी के साथ उसकी बेटी को फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचाया गया। पुलिस उसके पुत्र व अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
बिजली विभाग के खंड कार्यालय भोलेपुर के निकट लोको रोड स्थित रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार के घर बिजली चोरी की शिकायत पर सोमवार को एसडीओ अजय कुमार, अवर अभियंता मुख्तार हुसैन ने टीम के साथ चेकिंग की। इस दौरान अवर अभियंता पर हमला कर दिया गया। उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
अवर अभियंता व एसडीओ ने रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार, उसके पुत्र रजत अहिरवार व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जेई संगठन ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। बुधवार को अधिशासी अभियंता नगरीय कालेश्वर चंद, एसडीओ अजय कुमार व जेई मुख्तार हुसैन ने एएसपी से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसी के बाद पुलिस सक्रिय हुई।
पुलिस को पता चला कि रोडवेज कर्मी लोहिया अस्पताल में अपनी ईएमटी पुत्री के पास छिपा बैठा है। पुलिस लोहिया अस्पताल पहुंची। इस दौरान रोडवेज कर्मी अपना मेडिकल कराने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसकी ईएमटी पुत्री गिरफ्तारी का विरोध कर हंगामा करने लगी। हालात देख महिला पुलिस बुला ली गई। इसके बाद रोडवेज कर्मी के साथ उसकी ईएमटी पुत्री को भी फतेहगढ़ कोतवाली भेज दिया गया।
फतेहगढ़ कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि अवर अभियंता का एक्सरे कराया तो उसमें हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर निकला है। इससे प्राथमिकी में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपी सुभाष चंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है। उसके पुत्र व अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी की पुत्री गिरफ्तारी का विरोध कर रही थी। उसे समझा दिया गया कि यदि उसके पिता से मारपीट के फुटेज या वीडियो हो तो पुलिस को उपलब्ध कराए। उसे भी विवेचना में शामिल कर लिया जाएगा।
बिजली चोरी में 1.24 लाख का जुर्माना, कटेगा कनेक्शन
बिजली चोरी पकड़े जाने के बाद तीसरे दिन बुधवार को भी आरोपी रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार के घर बिजली नहीं काटी गई। विभाग से बिजली चोरी के मामले में लोड के अनुसार एक लाख 24 हजार 828 रुपये का नोटिस भेजा गया है। अवर अभियंता मुख्तार हुसैन ने बताया कि नोटिस भेजने के बाद आरोपी के घर की बिजली काट दी जाएगी। रुपये जमा करने के बाद ही बिजली चालू की जाएगी। उधर, मोहल्ले में बिजली चोरी की शिकायत करने को लेकर खासी चर्चा है। लोगों का कहना है कि किसी ने बिजली चोरी के पहले वीडियो बनाए। इसके बाद चोरी की बिजली से क्या-क्या उपकरण चलाए जा रहे हैं, इसकी जानकारी कर शिकायत की। शिकायत के साथ वीडियो उपलब्ध कराए जाने से मामला गंभीर हो गया।