दुकान में घुसी खड़ी रोडवेज बस।
- फोटो : FARRUKHABAD
दुकान में घुसी रोडवेज बस, दो घायल
फर्रुखाबाद। दिल्ली से आ रही फर्रुखाबाद डिपो की रोडवेज बस हथियापुर के पास भवन निर्माण सामग्री की दुकान में घुस गई। इससे चालक व परिचालक घायल हो गए। उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुकान का शटर व दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव मिल्क मौजा मुल्ला निवासी मुकेश फर्रुखाबाद डिपो में चालक हैं। वह मंगलवार रात को दिल्ली से बस लेकर फर्रुखाबाद आ रहा था। कायमगंज में बस खराब हो गई थी। इससे सवारियां दूसरी बस में बैठाकर भेज दी थीं। बस सही होने पर वह उसे लेकर आ रहा था।
इस बीच मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में गांव हथियापुर में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मोहल्ला बजरिया सालिगराम निवासी राजीव गुप्ता की भवन निर्माण सामग्री की दुकान में घुस गई। इससे दुकान का शटर टूट गया। दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। बस चालक व कमालगंज के मोहल्ला प्रताप नगर निवासी परिचालक सुभाष चंद्र घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने चालक व परिचालक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से इलाज के बाद दोनों घर चले गए। दोपहर को रोडवेज कर्मचारी क्रेन लेकर बस हटाने पहुंचे तो राजीव गुप्ता ने इसका विरोध कर दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में उनकी पांचों दुकानों की दीवारें चटकने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसकी भरपाई की व्यवस्था की जाए। उसके बाद वह बस को हटने देंगे।