फोटो-29 पुलिया के पास कटी सड़क। संवाद
अमृतपुर। कुछ ही दिन में मानसून आने से बारिश शुरू हो जाएगी लेकिन पिछले वर्ष गंगा की बाढ़ से कटी गांव अलीगढ़-इमादपुर सोमवंशी सड़क अभी नहीं बन सकी है। इससे ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले वर्ष गंगा में आई बाढ़ के दौरान अलीगढ़ से इमादपुर सोमवंशी मार्ग कट गया था। आठ माह बीतने के बाद भी सड़क बनाए जाने की प्रशासन ने कोई सुधि नहीं ली। बारिश होने पर अगले चार माह तक निर्माण भी नहीं हो सकेगा। ग्रामीणों का कहना है कि जब रास्ता बंद था तो समाजसेवी व ग्रामीणों में स्वयं मिट्टी डलवाकर अस्थायी रूप से रास्ता चालू कराया। पुलिया के पास सड़क की हालत बेहद खराब है। शनिवार को पुलिया के समीप जलभराव और क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण एक ई-रिक्शा पलट गया। यात्री घायल हो गए। मंडी समिति के जेई आदित्य भारती ने बताया कि सड़क की मरम्मत किए जाने की कार्ययोजना करीब तीन महीने पूर्व बनाकर शासन में भेजी जा चुकी है। कार्ययोजना पास होते ही काम शुरू हो जाएगा।