शांतिनगर मोहल्ल के बाशिंदों को जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। गुरुवार को इन्हाेंने कादरीगेट पर जाम लगा दिया। नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी की। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोहल्लेवालों को समझाया। इसके एक घंटा बाद जाम खुल सका।
शांतिनगर में रहने वाले राहुल राठौर, राधेश्याम, सीमा देवी, अर्जुन सिंह, दीपू, रामनाथ, राजवीर, शशी देवी, सुदामा देवी, प्रमोद कुमार, शंकर, ब्रजेश, सुरेंद्र कुमार, विपिन सिंह, संतोष कुमार दोपहर को कादरीगेट तिराहा पहुंचे। यहां इन्हाेंने जाम लगा दिया। ये लोग नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
इनका कहना है कि मोहल्ले में जलभराव की समस्या है। इससे पहले भी जाम लगाया था। तब समस्या के समाधान का भरोसा दिया गया था। हुआ कुछ नहीं।
जाम से तिराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग र्गइं। सूचना पर एक घंटा बाद शहर कोतवाल आरपी यादव, दरोगा मुकेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियाें का कहना था कि जलभराव से वे नारकीय जिंदगी जी रहे हैं। पानी में बच्चे कई बार गिर चुके हैं।
अभी तक पानी की निकासी के लिए नगरपालिका ने कोई कदम नहीं उठाया है। मोहल्लेवालों की समस्याओं को सुनकर कोतवाल ने कहा कि वह इस संबंध में एसडीएम सदर से बात कर समस्या का निदान कराएंगे। इसके बाद मोहल्लेवालों ने जाम खोल दिया।