फर्रुखाबाद। घर से टहलने निकली एक सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत की पत्नी को पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया।
मऊदरवाजा थाने के गांव बरौन निवासी सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत सुभाष चंद्र कठेरिया की पत्नी विरमा देवी (55) रोज की तरह बृहस्पतिवार तड़के पांच बजे घर से नवाबगंज मार्ग पर टहलने निकली थीं। जब वह खुम्मरपुर की ओर जा रही थीं, तो पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गई।
आसपास के लोगों ने पहुंचकर पिकअप चालक को पकड़ लिया। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। विरमा की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। विरमा देवी के पुत्र प्रेमनारायण, अनुराग, सौरभ, बेटी गायत्री व सावित्री का रो-रो कर बुरा हाल है। पुुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।