कायमगंज। पिछले सप्ताह गांव नरैनामऊ नहर कोठी के पास गिट्टी लदे डंपर की टक्कर से ग्रामीण की मौत हो गई थी। मामले में मृतक के पुत्र ने डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विगत 10 अप्रैल को सुबह कंपिल क्षेत्र के गांव हकीकतपुर के मजरा हाजियांपुर निवासी रामलाल (62) गांव के अवनेश चंद्र सक्सेना के साथ बाइक से कायमगंज जा रहे थे। नहर कोठी के सामने से तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में तेजी व लापरवाही से टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे अवनेश तो बाल-बाल बच गए। उनके पीछे बैठे रामलाल डंपर की चपेट में आ गए थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पुत्र अनिल कुमार ने डंपर के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।