कमालगंज। प्रधान के लेटर पैड पर फर्जी हस्ताक्षर व मुहर लगाकर मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के मामले में महिला ने अधिवक्ता व उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यह प्रमाण पत्र न्यायालय में लगाया गया था। वादी के मुताबिक प्रधान ने भी थाने में कार्रवाई के लिए पत्र दिया था। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सुल्तान नगर निवासी मीना देवी ने कुंदन नगला के कृष्ण कुमार व अधिवक्ता ब्रह्मस्वरूप के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें कहा कि आरोपियों ने चौसपुर के प्रधान शकुंतला देवी के लेटर पैड पर कुंदन नगला की सोनकली का जालसाजी से स्वयं मृत्यु प्रमाण पत्र लिख कर फर्जी मुहर लगा व प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर कर लिए। 29 मार्च 2024 को न्यायालय में आरोपियों ने उसके पति जय सिंह और मुनेश, उनेश व देवजीत के खिलाफ वाद प्रस्तुत किया।
वादी ब्रह्मस्वरूप व कृष्ण कुमार ने जालसाजी कर न्यायालय को धोखे में रखा। उसके पति व देवर को पुलिस ने पकड़कर जेल भेजा तो वह प्रधान शकुंतला के पास पहुंचीं और प्रमाण पत्र के बारे में जानकारी ली। इस पर प्रधान ने सोनकली के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने एवं हस्ताक्षर व मुहर की बात से इन्कार कर दिया। प्रधान ने कहा कि इन दोनों ने उसके पद का दुरुपयोग किया है।
मामले के विवेचक द्वारा प्रधान शकुंतला का बयान लिया गया तो प्रधान ने बताया कि जो मुकदमे में मृत्यु प्रमाण पत्र लगाया गया है वह उसके द्वारा जारी नहीं किया गया।
मृत्यु प्रमाण पत्र पर उन्होंने हस्ताक्षर नहीं किए और न ही मुहर लगाई। अधिवक्ता व उसके भाई द्वारा फर्जी मुहर बनाकर उसके लेटर पैड पर फर्जी प्रमाण पत्र बनाया गया है। इस संबंध में उसने शिकायत थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जाएगी।