फर्रुखाबाद। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में ट्रांसपोर्ट पर 3.50 लाख रुपये की आतिशबाजी भरे 28 गत्ते पकड़ने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने फतेहगढ़ की दालमंडी के कारोबारी गौरव गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आतिशबाजी को सीज कर आरोपी को थाने से जमानत दे दी है।
सदर तहसील के नायब तहसीलदार मनीष वर्मा की मौजूदगी में बृहस्पतिवार रात इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने पांचालघाट रोड आंबेडकर स्कूल के पास शुक्ला ट्रांसपोर्ट कमीशन एजेंसी की गोदाम में छापा डाला था। वहां से 28 गत्ते आतिशबाजी पकड़ी गई थी।
मौके से पुलिस ने फतेहगढ़ की दालमंडी निवासी गौरव गुप्ता को गिरफ्तार किया था। पुलिस की पूछताछ में गौरव ने बताया कि दिवाली पर क्रिश्चियन मैदान में दुकान लगाते हैं। चार अक्तूबर को यह माल बरेली के फरीदपुर निवासी अंबरीश कुमार अग्रवाल के अंबे स्टोर से खरीदा था।
लाइसेंस न होने की वजह से पक्के बिल नहीं दिए। पुलिस ने आतिशबाजी के सभी गत्ते सील कर दिए। आरोपी गौरव गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि गौरव को थाने से जमानत दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। ट्रांसपोर्ट की गोदाम में भंडारण करना भी अवैध है।