कोर्ट के आदेश पर तीन लाख रुपये लूटने के मामले में होटल मालिक सहित 11 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने कार में तोड़फोड़ कर ढाई लाख रुपये का नुकसान करने व मामा पर जानलेवा फायर करने का आरोप लगाया है।
पांचाल घाट निवासी दिनेश मिश्रा ने फतेहगढ़ कोतवाली के गांव धंसुआ निवासी होटल मालिक पूर्व सैनिक भीमसेन, पुत्र दुर्गेश, गोपाल सहित 11 लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि 27 अगस्त को गांव दिऊसी हुसैनपुर निवासी मामा रामनाथ दुबे के साथ वह बरेली-इटावा हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय के पास स्थित रायल होटल पर खाना खाने गया था।
नई कार बाहर खड़ी करके होटल में गया। वहां आठ लड़के शराब पी रहे थे। उनका होटल कर्मचारियों से विवाद हो गया। मारपीट होते देखकर बीचबचाव का प्रयास किया।
तभी आरोपियों ने हमला कर दिया। ईंट पत्थर मारकर कार में ढाई लाख रुपये का नुकसान कर दिया। इन लोगों रामनाथ पर लाइसेंसी हथियार से फायर कर दिया। इसके बाद कार में रखे तीन लाख रुपये व अन्य कागजात लूट लिए। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।