कब्र से नवील का शव निकलाते नायब तहसीलदार व पुलिस।
- फोटो : amarujala
बेटे के साथ हुई पिटाई का वायरल वीडियो देखने के बाद पिता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर गुरुवार को पुलिस ने कब्र खुदवा कर शव निकलवाया। पिता ने चार लोगों के खिलाफ मऊदरवाजा में गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी समीम खां का बेटा नवील (14) थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला हाता सफी खां भीकमपुरा निवासी अपने नाना रसीद के यहां रहता था। यहां पर कुछ दिन पहले उसका इसी मोहल्ले के कुछ युवकों से विवाद हो गया था।
इस पर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। नवील ने इसकी जानकारी नाना को नहीं दी। दूसरे दिन उसकी मौत हो गई। परिजनों ने समझा उसकी बीमारी से मौत हो गई है। परिजनों ने शव को गांव बहादुरपुर ले जाकर कब्रिस्तान में दफना दिया था। इस दौरान नवील के साथ मारपीट का विडियो वायरल होने के बाद घटना की असलियत पिता को हुई।
इस पर पिता ने थाना मऊदरवाजा पुलिस को सूचना दी पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर उसने एसपी से मिलकर बेटे का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। एसपी के आदेश पर गुरुवार को नवाब तहसीलदार पवन गुप्ता और पुलिस की मौजूदगी में कब्र को खुदवाया गया।
पिता ने आरोप लगाया कि कहा कि हाता सफी खां निवासी महताब, फिरोज, अमीर, रेहान ने उसकी लात-घूसों से पीटकर हत्या की है। एसओ राजेश पाठक ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के लिए दरोगा राकेश शर्मा को भेजा गया है। उन्होंने अमीर और रेहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।