लालगेट पर अतिक्रमण हटाते सीआईएसएफ के जवान।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। अतिक्रमण हटाओ अभियान छठवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान ट्रैक्टर शोरूम और राहुल बीज भंडार के शो रूम के बाहर फुटपाथ पर लगे बोर्ड हटाए गए। फुटपाथ पर बनी दीवारें भी तोड़ी। लालदरवाजा फव्वारा के पास पुलिस ने फलवालों और सब्जी की ठेलियों की हवा निकाली। टिनशेड भी हटवाए। ठंडी सड़क स्थित वी-मार्ट के बाहर खड़ी एक सैनिक की बाइक की हवा निकालने के दौरान सीआईएसएफ के जवानों की सैनिक से नोकझोंक के साथ ही धक्का-मुक्की हो गई। जैसे-तैसे मामला शांत किया गया।
पुलिस ने यहीं पर फुटपाथ पर खड़े ट्रक, टेंपो, कार, बाइक और स्कूटी की हवा निकाली। पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड, लालदरवाजा से लेकर ठंडी सड़क आईटीआई चौराहा और फिर लालदरवाजा से पक्कापुल तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। इस अवसर पर कोतवाल द्रविड़ सिंह आदि मौजूद रहे। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर सिंह और सीओ सिटी आलोक सिंह मौजूद रहे। उधर फतेहगढ़ कोतवाल अनूप निगम ने सराफा बाजार, मिलेट्री चौराहा, चूड़ीवाली गली व जिला जेल चौराहा से अतिक्रमण हटवाया।