प्राथमिक विद्यालय कुतुलूपुर में खुदे गड्ढे को देखते बीईओ। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
अमृतपुर(फर्रुखाबाद)। खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र जौहर को निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय कुतुलूपुर में कायाकल्प से कराया गया काम अधूरा मिला। इस विद्यालय में तीन अतिरिक्त जर्जर कमरों की मरम्मत को कोई काम नहीं हुआ। अब इनकी मरम्मत कंपोजिट ग्रांट से कराने के निर्देश दिए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र जौहर ने बुधवार को राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय कुतुलूपुर में निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापिका सुमन प्रभा नहीं मिली, बताया गया कि वह अवकाश पर हैं। विद्यालय में कायाकल्प से रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्लांट के स्थान पर सिर्फ गड्ढा मिला। तीन अतिरिक्त जर्जर कमरों की मरम्मत भी नहीं कराई गई। बीईओ ने वहां मौजूद शिक्षकों से कहा कि जर्जर कमरे की मरम्मत कंपोजिट ग्रांट से कराई जाए। इसके बाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुतुलूपुर का निरीक्षण किया। इस विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है।
एक ग्रामीण ने अपने घर के गंदे पानी की निकासी को विद्यालय के कमरे के पास से नाली निकाल रखी है। कन्या प्राथमिक विद्यालय करनपुर दत्त निरीक्षण के दौरान बंद मिला। कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बीईओ को सब ठीक मिला। प्राथमिक विद्यालय नयागांव का भवन जर्जर था। इस विद्यालय में कायाकल्प से कोई काम नहीं कराया गया। प्राथमिक विद्यालय बलीपट्टी रानी गांव में सहायक अध्यापक अशोक कुमार के उपस्थित रजिस्टर में बीईओ को हस्ताक्षर मिले, लेकिन शिक्षक विद्यालय में नहीं थे। बीईओ ने बताया कि निरीक्षण आख्या कार्रवाई के लिए बीएसए को भेजी है।