जटवारा जदीद में लाल पानी की आपूर्ति
फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला जटवारा जदीद में रविवार शाम को हुई आपूर्ति में लाल पानी लोगों के घरों में पहुंचा। लोगों ने कहा कि दो महीने पहले भी कई दिनों तक काला पानी आया था। अब फिर नाले में बह रहा कपड़ा छपाई कारखानों का लाल पानी घरों में आ रहा है।
नगर पालिका परिषद नालों से होकर निकल रही पेय जलापूर्ति की पाइप लाइनों का लीकेज बंद नहीं कर पा रही है। दो महीने पहले एक सप्ताह तक बदबूदार पानी की आपूर्ति के बाद रविवार शाम को मोहल्ला जटवारा जदीद में फिर से रंगीन पानी आने लगा। साढ़े पांच बजे पानी आया, तो घरों की टोंटियों में लाल पानी आता दिखा। कुछ देर इंतजार किया, मगर फिर भी कोई सुधार नहीं हुआ।
मोहल्ले के रामसेवक राठौर, अमित वर्मा, अटल नरायन, दाताराम कुशवाह आदि ने बताया कि दो महीने पहले भी कई दिन तक नाले का पानी आ रहा था। काफी शिकायतों के बाद पालिका के कर्मियों ने पाइप को बदला नहीं, बल्कि उसे प्लास्टिक आदि बांधकर सही कर दिया था।
अब फिर से घरों में संक्रमित पानी पहुंचने लगा है। इससे पीने के पानी की दिक्कत है। नगर पालिका को शीघ्र ही लीकेज बंद करना चाहिए। पालिका के जलकल अभियंता गौरव मिश्रा ने बताया कि अभी कोई शिकायत नहीं आई है। वह सोमवार को दिखवाकर सही करवाएंगे।