महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत कोरीखेड़ा में कार्यदाई संस्था द्वारा नाला निर्माण कार्य के लिए 1 लाख 51 हजार एक सौ 25 रुपये का भुगतान कराया गया है।
बुधवार को गांव में हुए सोशल आडिट में नाला निर्माण के अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। कंझाना में आडिट टीम को चक रोड पर मिट्टी कार्य बंद मिला।
विकास खंड की 118 ग्राम पंचायतों में 13 ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्यों के सोशल आडिट के लिए दो सदस्यों की आडिट टीम इन गांव में भेजी गईं। करीमगंज में आडीटर सुषमा सिंह व अनवार ने ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए कार्य देखे।
यहां अन्य कार्यदाई संस्था द्वारा कोरीखेड़ा पुलिया से खुरुनगला नाला के जीर्णोद्धार पर मनरेगा से 1,51125 रुपये का भुगतान ईंट व अन्य सामग्री के साथ ही श्रमिकों को भुगतान व साइन बोर्ड लगवाने के नाम पर व्यय दिखाया गया था। लेकिन मौके पर आडिट टीम को अभिलेख नहीं मिले।
वहीं पंचायत सचिव प्रभात यादव का कहना है कि उन्हें इस कार्य की जानकारी नहीं है। कंझाना ग्राम पंचायत में नगला खुरु सीमा से हरिश्चंद्र के खेत तक चक मार्ग पर मिट्टी कार्य बंद मिला। मस्टर रोल भरा नहीं था।
करमचंदपुर में आडीटर रघुवीर व रीना कटियार को शीशपाल के खेत का समतलीकरण कार्य बंद मिला। झसी, खुदागंज व कंधरापुर में मनरेगा से संबंधित रजिस्टर नहीं मिले। शुक्रवार को 12 ग्राम पंचायतों में आडिट कराया जाएगा।