फर्रुखाबाद। जलनिगम ग्रामीण में तैनात महिला सहायक अभियंता से मारपीट के मामले में आरोपी सहायक अभियंता के खिलाफ अधिशासी अभियंता ने कार्रवाई की संस्तुति कर दी है। वहीं फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को महिला एई के बयान दर्ज किए।
न्यू फौजी कालोनी स्थित जलनिगम ग्रामीण कार्यालय में तैनात जनपद मैनपुरी थाना भोगांव क्षेत्र के गांव अलीखेड़ा निवासी सहायक अभियंता साक्षी पांडेय ने कार्यालय में तैनात लखनऊ कमिश्नरेट निवासी सहायक अभियंता सुमित वर्मा के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में शनिवार रात प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की जांच कर रहे कर्नलगंज चौकी प्रभारी मूलेंद्र सिंह चौहान ने महिला सहायक अभियंता के बयान दर्ज किए।
चौकी प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के न्यायालय में भी बयान दर्ज कराए जाएंगे। वहीं जलनिगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता सजन कुमार ने बताया कि महिला सहायक अभियंता से मारपीट के मामले में उन्होंने आरोपी सहायक अभियंता सुमित वर्मा के खिलाफ मुख्य अभियंता कानपुर को रिपोर्ट भेजी है। इसमें उन्होंने सहायक अभियंता को तत्काल स्थानांतरित करने और मारपीट के मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। कार्रवाई मुख्य अभियंता कानपुर स्तर से की जाएगी। मारपीट की घटना 13 मार्च को हुई थी, इस बात का भी पत्र में जिक्र किया गया है।