जिले में मदर्स डे पर मां बनी महिलाओं की खुशी का ठिकाना नहीं है। किसी के यहां पहली बार संतान हुई तो किसी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। महिलाओं ने कहा कि मदर्स डे पर मां बनना बहुत बड़ा तोहफा है। वे इतनी खुश हैं कि इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकतीं।
शहर के डॉक्टर राममनोहर लोहिया अस्पताल में मदर्स डे पर किसी महिला ने बेटी तो किसी ने बेटे को जन्म दिया। नीना पत्नी संजीव निवासी सलावत खां, अर्चना पत्नी नितिन निवासी ग्वालटोली फतेहगढ़, दीपशिखा पत्नी राजीव और करीना पत्नी धर्मेंद्र निवासी बाग लकूला एवं उपासना पत्नी शिवशेर निवासी जिठौली ने बच्चों को जन्म दिया है। मदर्स डे पर मां बनने पर जब महिलाओं से पूछा गया तो सभी ने कहा कि खास दिन पर मां बनने की अलग ही खुशी है।
कमालगंज प्रतिनिधि के अनुसार राजेपुर टप्पा मंडल निवासी रामवीर की पत्नी गीता ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बेटे को जन्म दिया। पिता रामवीर ने बताया कि यह उसका दूसरा बेटा है। उनकी खुशी का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। गीता ने बताया कि कुदरत ने उन्हें मदर्स डे के दिन तोहफा दिया है। इसी तरह माया पत्नी अजयपाल निवासी रठौरा मोहद्दीनपुर ने एक बेटी को जन्म दिया है।
सोनी पत्नी वकील निवासी मकू नगला ने बेटे को जन्म दिया। पिता वकील ने बताया कि उनके 4 बेटियां थीं। यह उनका पहला बेटा है। परिवार के लोगों में खुशी की लहर है। एक नर्सिंग होम में अनामिका पत्नी सत्यपाल निवासी महमदपुर अचला ने पुत्र को जन्म दिया। पिता सत्यपाल ने बताया कि उसका यह पहला बेटा है। अनामिका की खुशी का ठिकाना नहीं है।
शमसाबाद प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बागीशपुर निवासी जयपाल की पत्नी शशि ने सुबह 10.10 बजे एक पुत्र को जन्म दिया। पिता जयपाल ने बताया कि उसकी शादी को 5 साल हो गए। अभी तक उसे कोई बच्चा नहीं था। मदर्स पर उसकी पत्नी ने पुत्र को जन्म देकर नायाब तोहफा दिया है। मदर्स डे पर मां बनने से शशि भी बहुत खुश है।
कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गांव त्योर खास निवासी सपना ने आज सुबह पहली बेटी को जन्म दिया। जब सपना को पता चला कि आज मदर्स डे है तो उसकी खुशी का ठिकाना न रहा। कंपिल क्षेत्र के गांव पचरौली महादेव निवासी प्रतिमा ने भी कहा कि उसको पहली बेटी हुई है और आज मदर्स डे पर बेटी पाकर वह बहुत खुश है।
नगर क्षेत्र के मोहल्ला चिलौली पठान निवासी मैनाज ने बताया कि मदर्स डे पर उसके घर जुड़वा बेटियाें का जन्म हुआ। दोगुनी खुशी मिली है। कंपिल के मोहल्ला फुलू नगला निवासी गुड्डी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेटा पैदा हुआ। गुड्डी ने बताया कि किसी विशेष दिन अगर कोई खुशी मिले तो वह चौगुनी हो जाती है।