फर्रुखाबाद। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की बारात के साथ हंस गिरी सांझी कमेेटी ने सांझी महोत्सव का समापन किया। दूल्हा बने राम को देखने लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। बारात में शामिल दुर्गा जी की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
पितृपक्ष में होने वाली दो सौ साल पुरानी सांझी परंपरा का रविवार देर रात हंस गिरी सांझी कमेटी गंगा दरवाजा ने मर्यादा पुरुषोत्तम राम की भव्य बारात निकाल कर समापन किया। बारात में शामिल लगभग दो दर्जन झांकियों को देखने के लिए देर रात तक सड़कों पर दर्शकों की भारी भीड़ जमी रही।
बारात में हापुड़ से आए बैंड के कलाकारों के करतब के अलावा बारात में शामिल दुर्गा, महाकाली की झांकी की दर्शकों ने सराहना की। इसके अलावा सिर से गंगा की धार निकालते शंकर, परशुराम, लक्ष्मी नरायन, गुरु वशिष्ठ और विश्वामित्र, राजा दशरथ के अलावा आकर्षक लाइटिंग के रथ पर सवार राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की झांकी ने बारात की शोभा बढ़ाई।
बारात शिवाला मंदिर से चलकर गंगा दरवाजा, लोक मन, मुख्य चौराहा, लोहाई बाजार, श्यामागेट होकर बजरिया पहुंचकर संपन्न हो गई। इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष अतुल गुप्ता, पीयूष गंगवार, बंटी गुप्ता, गुल्लू मिश्रा, अजय गुप्ता, गोपाल मिश्रा, पंकज गुप्ता, सुग्रीव गुप्ता, अरविंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।