यूनिट हेडक्वाटर कोटा की रिलेशनशिप भर्ती में युवकों ने बुधवार को जमकर
पसीना बहाया। दौड़ में एक दूसरे को पछाड़ने में युवक ट्रैक पर गिरकर
चुटहिल भी हुए। राजपूत रेजीमेंट सेंटर के करियप्पा मैदान पर रिलेशनशिप
भर्ती बुधवार से शुरू हुई। मंगलवार रात से ही भर्ती के लिए युवकों के जत्थे
फतेहगढ़ पहुंचने लगे थे। सुबह यह सिखलाई रेजीमेंट के गेट पर पहुंचे। यहां
बैरियर के अंदर कर इन्हें लाइन से बिठा दिया गया।
यहां इनके शैक्षिक
प्रमाण पत्रों की जांच की गई। इसके बाद अभ्यर्थियों की लंबाई परखी गई। सफल
युवकों को करियप्पा मैदान पर दौड़ मे भाग लेने के लिए भेज दिया गया।
इन्हें 50 -50 के ग्रुप में दौड़ाया गया। एक दूसरे से आगे निकलने की होड़
में कुछ युवक ट्रैक पर गिरकर चुटहिल हो गए। राजपूत रेजीमेंट सेंटर के
एडज्यूटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव डोगरा ने बताया कि इस भर्ती में सेना के
जवानों और पूर्व सैनिकों के पुत्र और भाई भाग ले सकते हैं। बुधवार को 700
युवकों ने शारीरिक परीक्षण में
भाग लिया। लगभग 200 युवक सफल घोषित किए गए।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी सैनिक (जीडी ) की भर्ती होगी। भर्ती
प्रक्रिया का जायजा लेने कमाडेंट ब्रिगेडियर सलीम आसिफ करियप्पा मैदान पर
पहुंचे। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया देख रहे अधिकारियों से जानकारी की।