फर्रुखाबाद। बुधवार देर शाम आई आंधी और बारिश के बाद बृहस्पतिवार सुबह तेज बरसात ने शहर से हाईवे तक जलभराव के हालात पैदा कर दिए। इटावा-बरेली हाईवे पर पानी भरने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई। पांचाल घाट से छावनी की ओर जाने वाली सड़क पर करीब डेढ़ फीट पानी भर गया। नालों का गंदा पानी सड़क पर आने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। पितृपक्ष में गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।
इटावा-बरेली हाईवे पर भी जलनिकासी की व्यवस्था बेअसर नजर आई। बरेली से फर्रुखाबाद की ओर आने वाली सड़क पर पांचाल घाट चौकी के बाहर तालाब जैसा नजारा दिखा। जलनिकासी के लिए बना नाला भी लबालब हो गया। इससे हाईवे पर पानी की निकासी नहीं हो सकी और दोपहर तक जलभराव रहा। बड़े वाहन चालक संभलकर निकलते नजर आए, जबकि छोटे वाहनों और दोपहिया सवारों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हाईवे पर पानी भरने के साथ सड़क की गिट्टी उखड़ने से हादसे का खतरा भी बना रहा। पानी के बीच से निकलते समय वाहन फिसलते रहे। पांचाल घाट चौकी के गेट पर भी पानी भरा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की नियमित सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है। लोगों ने नाले की सफाई कराने की मांग की।