शहर के लाल सराय में मुख्य मार्ग पर भरा पानी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर के नाला सफाई के पालिका की ओर से किए जा रहे दावों की एक घंटे की बारिश ने पोल खोल दी। पुलियां चोक हो गईं। पानी उफनकर गलियों, सड़कों पर भरकर घरों में घुस गया। गनीमत रही कि बारिश बंद हो गई अन्यथा स्थिति और खराब हो जाती। लोगों को कीचड़ से काफी दिक्कतें हुईं। जलभराव से शहर में कई जाम लगा। इसमें फंसने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
शहर और आसपास गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुई बूंदाबांदी मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गई। करीब एक घंटे में चारों ओर पानी ही पानी नजर आने लगा। शहर के मोहल्ला तलैया, खटकपुरा, मदरबाड़ी, भीकमपुरा, हाता अली खां, नाला सिम्तसुमाल, पल्ला, राजीव गांधीनगर आदि मोहल्लों में नाले चोक होने से जलभराव हो गया। गल्लामंडी की पुलिया चोक होने से हाता अली खां में तो लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। सड़कों, गलियों में पानी भरने से शहर के कई स्थानों पर जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दोपहर तक हल्की बूंदाबांदी होती रही। गलियों में इस कदर नालों का कीचड़ भर गया कि लोगों को निकलने में काफी मुश्किलें हुईं। लालसराय से घुमना तक हालात कुछ ज्याद ही खराब रहे। तीन बजे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
संवाद न्यूज एजेंसी मोहम्मदाबाद के अनुसार, बारिश होने से इंदिरानगर, शिवाजीनगर का पानी नाला बंद होने से थाना परिसर में घुस गया। इससे पूरे कोतवाली परिसर में दो-दो फीट पानी भर गया। थाना स्टाफ और फरियादियों को काफी दिक्कतें हुईं। बारिश तो बंद हो गई, मगर तीन घंटे तक पानी नहीं निकल सका। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि परिसर में मिट्टी डालकर इंटरलॉकिंग ईंटें बिछवाई थीं, फिर भी जलभराव की दिक्कत बनी हुई है। कस्बे के अन्य इलाकों में भी जलभराव से दिक्कत है।