फर्रुखाबाद। रेलवे को तेजी से निजीकरण की ओर ले जाया जा रहा है। इसका असर रेलवे स्टेशन पर भी दिखने लगा है। रेलवे ने प्लेटफार्म पांच पर बने उच्च एवं शयनयान श्रेणी प्रतीक्षालय को निजी हाथों में सौंप दिया है। स्टेशन अधीक्षक ने संस्था को हैंडओवर भी कर दिया है। अब यात्रियों को सुविधा के बदले शुल्क भी देना होगा। प्रतीक्षालय में कैंटीन सेवा भी मिलेगी।
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर उच्च एवं शयनयान श्रेणी एवं महिला प्रतीक्षालय बनाए गए हैं। इनमें अत्याधुुनिक सुविधाएं दी गई हैं। रेलवे ने इसमें से उच्च एवं शयनयान श्रेणी प्रतीक्षालय को निजी हाथों को सौंप दिया है। इसका जिम्मा आगरा के समसकर रोड की आरके फूड प्रोडक्ट कंपनी को दिया गया है। 20 फरवरी की शाम कंपनी के अधिकारी यहां रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने यात्री प्रतीक्षालय को हैंडओवर कर लिया है।
कंपनी प्रतीक्षालय के अंदर ही कैंटीन की सेवाएं भी मुहैया कराएगी। इसके बदले में शुल्क भी लिया जाएगा। माना जा रहा है कि प्रतीक्षालय में सुविधाओं के बदले में अतिरिक्त शुल्क भी वसूला जा सकता है। फिलहाल अनुबंध की कापी न मिलने से उसकी शर्तों का पता नहीं चल सका है। बहरहाल यह तय है कि अब यात्रियों को फ्री में सुविधाएं मिलने वाली नहीं हैं।
फर्म ने डाला ताला, नहीं बैठ सके यात्री
फर्म के अधिकारियों ने जैसे ही लिखित में प्रतीक्षालय को अपने कब्जे में लिया, तो गेट पर उन्होंने अपना ताला डाल दिया। फिलहाल कोई जिम्मेदार न होने से दिन भर यात्री इधर-उधर बैठने को मजबूर हुए। दूरदराज जाने वाले यात्रियों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ीं।
हां आगरा की कंपनी को प्रतीक्षालय हैंडओवर कर दिया है। अब उसकी व्यवस्था निजी हाथों में ही रहेगी। शीघ्र ही प्रतीक्षालय में सुविधाएं मुहैया हो जाएंगी। अभी अनुबंध की शर्तों की पत्रावली नहीं मिली है।
-योगेंद्र कश्यप, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद।