कमालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने रेलवे पटरी पर हुए हादसे के बाद रेलवे विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को कर्मचारियों ने आवागमन बंद करने के लिए बैरिकेड लगाना शुरू किया। यह कदम सोमवार को एक किसान की साइकिल के एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने के बाद उठाया गया है।
सोमवार दोपहर तीन बजकर आठ मिनट पर एक किसान खाद की दो बोरियां साइकिल पर लादकर रेलवे पटरी पार कर रहा था। इसी दौरान कानपुर से फर्रुखाबाद जा रही गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस को आता देख किसान साइकिल छोड़कर भाग गया। साइकिल ट्रेन के इंजन में फंसकर करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद ट्रेन लगभग 20 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। मंगलवार दोपहर तीन बजकर तीस मिनट पर रेलवे कर्मचारी मशीन लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पटरी के दोनों ओर लोहे के बैरिकेड लगाने का काम शुरू किया। अंधेरा होने के कारण काम रोक दिया गया, जिसे बुधवार को फिर से शुरू किया जाएगा।