फर्रुखाबाद। नखास चौकी पुलिस ने दोपहर में छावनी मोहल्ले के एक मकान में चल रहे जुआ के अड्डे पर छापा मारा। पुलिस ने आठ जुआरियों को दबोच लिया। कुछ दूर खड़ा युवक जुआरियों का वीडियो बनाने लगा। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। चौकी प्रभारी ने घटना के चार घंटे बाद भी कोतवाली प्रभारी को सूचना नहीं दी। जुआ के फड़ पर मोटी रकम मिलने की बात कही जा रही है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला छावनी के कई मकानों में जुआ के बड़े फड़ लगते हैं। दो साल पहले भी एक मकान में पुलिस ने बड़ा जुआ पकड़ा था। बुधवार दोपहर गुप्त सूचना पर नखास चौकी प्रभारी ने भारी पुलिस बल के साथ एक मकान में दबिश दी। मौके से आठ जुआरियों को दबोच लिया गया।
आसपास के लोगों का कहना है कि यहां दूरदराज से बड़े जुआरी आते हैं। लिहाजा फड़ से मोटी रकम भी बरामद हुई। पुलिस जब जुआरियों को पकड़कर ले जा रही थी, तो कुछ दूरी पर खड़ा एक युवक वीडियो बनाने लगा। पुलिस ने उसका मोबाइल कब्जे में लेकर कार में बैठा लिया। जुआरियों को कोतवाली ले जाने की बजाय नखास चौकी में ले जाया गया। वहां कुछ ही देर में काफी सिफारिशगीर भी पहुंच गए।
नखास चौकी पुलिस ने लिखा-पढ़ी तो दूर शाम चार बजे तक कोतवाली प्रभारी को भी सूचना नहीं दी। कोतवाली प्रभारी जेपी शर्मा ने बताया कि जुआ पकड़ने की सूचना नहीं है। यदि ऐसा है, तो वह इस मामले की जानकारी हासिल करेंगे। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।