फर्रुखाबाद। औषधि निरीक्षक ने बुधवार को शहर के चार मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। इस दौरान संदिग्ध दो दवाओं के नमूने लिए। अभिलेख अपूर्ण व फार्मासिस्ट न मिलने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला भूसा मंडी स्थित शिवा मेडिकल स्टोर पर जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने छापा मारा। वहां से संदिग्ध दो दवाओं के नमूने लिए। जांच में पता चला कि दवा बिक्री के नियमित बिल जारी नहीं किए जा रहे हैं। दवाओं का रजिस्टर भी तैयार नहीं मिला। संचालक को कारण बताओ नोटिस दिया गया। इसके बाद औषधि निरीक्षक शहर के मोहल्ला घोड़ा नखास स्थित श्री भैरवी मेडिकल स्टोर व नेहा मेडिकल स्टोर पहुंचे।
वहां एक्सपायरी दवाएं रखने के लिए अलग जगह निर्धारित नहीं थी। नेहा मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट मौजूद नहीं मिला। कमियों को देखते हुए दोनों संचालकों को कारण बताओ नोटिस दिया गया। औषधि निरीक्षक रजत पांडेय ने बताया कि तीन मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस देने के साथ दो दवाओं के नमूने लिए गए। इनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। सभी संचालकों को विक्रय अभिलेख आवश्यक रूप से जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।