फर्रुखाबाद। गैंगस्टर समेत कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे इनामी जोगेंद्र सिंह उर्फ चन्नू और माफिया अनुपम दुबे के दो सहयोगियों गौरव और अक्कू की तलाश में पुलिस ने दबिश दी। हालांकि पुलिस के हाथ कोई भी अपराधी नहीं लगा।
मऊदरवाजा थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने पुलिस बल के साथ मंगलवार शाम कई महीने से फरार चल रहे फतेहगढ़ के लोको रोड निवासी अपराधी जोगेंद्र सिंह यादव उर्फ चन्नू की तलाश में उसके घर पर दबिश दी। पुलिस ने मकान को खंगाला मगर वह नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस शहर कोतवाली के मोहल्ला महावीरगंज निवासी गैंगस्टर के आरोपी अक्कू पाठक और बागकूंचा निवासी गौैरव गुप्ता के यहां पहुंची। पुलिस ने दोनों के घरों की घेराबंदी करके तलाशी ली, मगर गिरफ्तार करने में सफलता नहीं मिली।
पुलिस के सूत्र बताते हैं कि गौरव और अक्कू के घरों में होने की सूचना मिली थी, इसी के चलते दबिश दी गई। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बताया कि गौरव और अक्कू माफिया अनुपम दुबे के सहयोगी हैं। इन पर हुई रिपोर्ट अदालत ने निरस्त कर दी थी, मगर दोबारा जांच कर शुरू की गई है। इसी के चलते उनकी तलाश में दबिश दी गई। शीघ्र ही तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।