ट्रैक्टर के खड्ड में गिरने से इसके नीचे दबकर चालक की मौके पर मौत हो गई। चालक का शव रातभर खुले में पड़ा रहा। शनिवार सुबह ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को देखकर ग्रामीणों नेे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गंाव ककिउली निवासी तोताराम का पुत्र भूदेव (38) गुरुवार सुबह छह बजे ट्रैक्टर की ट्राली सही कराने फैजबाग गया था। वह ट्राली सही कराकर देर रात एक बजे गांव वापस जा रहा था।
झब्बूपुर नहर पुल से पहले ट्राली ट्रैक्टर से खुल गई। ट्राली को दोबारा लगाने के लिए भूदेव ने ट्रैक्टर को बैक किया। इससे असंतुलित होकर ट्रैक्टर सड़क किनारे गहरे खड्ड में पलट गया। भूदेव ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
सारी रात वह उसके नीचे ही दबा रहा। सुबह जब पास के गंाव के लोग उधर से निकले तो उन्होंने ट्रैक्टर के नीचे युवक के दबे होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
इस पर कोतवाल रूम सिंह यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को बाहर निकलवाया। ग्रामीणों ने शिनाख्त कर उसके घर सूचना दी। सूचना पर पिता तोताराम और पत्नी ममता मौके पर पहुंचीं।
भ्देव की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तोताराम ने बताया कि मृतक दो भाई थे, इनमें से एक की मौत 15 साल पहले हो चुकी है। भूदेव की मौत से उनके बुढ़ापे का सहारा भी छिन गया है। उन्होंने बताया कि भूदेव के छह पुत्रियां हैं।