फर्रुखाबाद। गुरुवार को बीए तृतीय वर्ष के अंग्रेजी पेपर में कोर्स से बाहर के प्रश्न आने से परीक्षार्थी परेशान हुए। इसकी शिकायत पर प्राचार्य ने विश्वविद्यालय को मामले की रिपोर्ट भेजी है।
विश्वविद्यालय की परीक्षाएं चल रही हैं। गुरुवार को द्वितीय पाली 11 से 12:30 बजे तक बीए तृतीय वर्ष अंग्रेजी विषय का पेपर था। दुर्गा नारायण महाविद्यालय फतेहगढ़ में परीक्षार्थियों को केंद्र के बाहर अंदर तलाशी लेने के बाद प्रवेश दिया गया। प्रश्नपत्र बंटने के बाद परीक्षार्थियों ने ओएमआर शीट पर हल करना शुरू किया। प्रश्नपत्र तीन सेक्शन ए, बी और सी में आया था। ए व सी के प्रश्नों को करना अनिवार्य था। बी सेक्शन में कई प्रश्न कोर्स से बाहर होने के चलते परीक्षार्थी परेशान हुए। जिसकी शिकायत उन्होंने प्राचार्य से की। प्राचार्य डॉ. मुकेश राठौर ने प्रश्नपत्र देखा और परीक्षार्थियों को आश्वासन दिया कि वह इसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेजेंगे।
प्राचार्य ने बताया कि प्रश्नपत्र तीन सेक्शन में आया था। ए और बी सेक्शन के प्रश्न करना अनिवार्य था। सी में विकल्प दिया गया था। जो प्रश्न बी में दिए गए थे। वह सी सेक्सन में होने चाहिए और सी सेक्सन वाले प्रश्न बी सेक्शन में होने चाहिए थे। इसी कारण कुछ प्रश्न कोर्स से बाहर के होने के कारण परीक्षार्थियों को दिक्कत हुई। इसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेज दी गई है।