विधायक के पोते समेत 28 लोग घर में क्वारंटीन
कायमगंज/कमालगंज (फर्रुखाबाद)। कोतवाली क्षेत्र के गांव इजौर निवासी युवक हरियाणा के पानीपत से स्कूटी से शादी करने अपने गांव आ गया। क्षेत्रीय विधायक के पौत्र समेत 28 लोग बाहर से आकर फ्लू कैंप पहुंचे, सभी की जांच कर होम क्वारंटीन के लिए प्रधान के सुपुर्द किया गया। उधर कमालगंज में हरियाणा से क्वारंटीन के 28 दिन पूरे कर आए 76 लोगों को घर भेज दिया गया। अब ये लोग 21 दिन घर में क्वारंटीन रहेंगे।
गांव इजौर निवासी युवक अपने भाइयों के साथ हरियाणा के पानीपत शहर में रहकर स्क्रेप का काम करता है। 4 मई को कन्नौज जनपद के छिबरामऊ में उसकी बारात जानी है। इसलिए शुक्रवार शाम को वह पानीपत से अकेला ही स्कूटी से चल दिया और शनिवार सुबह गांव पहुंच गया। गांव के लोगों के कहने पर वह शनिवार को फ्लू कैंप पहुंचा।
वहां थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उसे 14 दिन होम क्वारंटीन कर दिया गया। जब युवक शादी को लेकर परेशान है। इसी तरह कायमगंज विधायक अमर सिंह खटिक का पोता 29 अप्रैल को बरेली से आया। विधायक उसे खुद लेकर फ्लू कैंप पहुंचे। जांच के बाद होम क्वारंटीन किया गया। रैपिड रिस्पांस टीम के डॉ. संदीप ने उन्हें दरवाजे पर नोटिस चस्पा करने के लिए दिया।
चीनी मिल कर्मी की पत्नी समेत 28 लोगों को होम क्वारंटीन के लिए संबंधित प्रधान के हवाले किया गया। शनिवार को डॉ. विकास शर्मा, डॉ. मतलूब, डॉ. सुशील, डॉ. प्रदीप जैन ओपीडी में रहे।
कमालगंज में हरियाणा में 28 दिन क्वारंटीन में रहकर 26 अप्रैल की रात को आए जिले के 76 लोगों को भोजपुर स्थित क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। छठवें दिन शनिवार को जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने उन्हें अपने घर पर जाने के लिए बस से रवाना किया। परिवार के मुखिया को बोरी में भरी राशन सामग्री व सभी सदस्यों को मास्क बांटे।
एडीएम ने बताया कि सभी 76 लोग हरियाणा में करीब 28 दिन तक क्वारंटीन रहकर जिले में आए थे। अब यह लोग अपने घर पर ही 21 दिन तक सेल्फ क्वारंटीन रहेंगे। तहसीलदार राजू कुमार, राजस्व कर्मी राहुल, श्याम कुमार व प्रदीप माथुर भी मौजूद रहे।