सरकारी भूमि पर तैयार हुए मार्केट का जायजा लेते सिटी मजिस्ट्रेट।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के जिला जेल चौराहे पर टिन शेड में वेेल्डिंग की दुकान चल रही थी। करीब 1500 वर्गफीट के टिनशेड के अंदर लॉकडाउन के दौरान पुलिस की मिलीभगत से निर्माण चलता रहा। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे, तो मामला खुला। पूरा निर्माण देख वह दंग रह गए। इस बीच काम कर रहे मिस्त्री भाग खड़े हुए। उन्होंने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी है।
जिला जेल चौराहे से पुलिस लाइन रोड के नुक्कड़ पर टिनशेड में वेल्डिंग की दुकान चल रही है। इसीकी आड़ में गत माह निर्माण शुरू हुआ। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट ने 23 मार्च को निर्माण पर रोक लगाते हुए आलमशेर मंसूरी के नाम से नोटिस जारी कर 6 अप्रैल को तलब किया। उपस्थित न होने पर निर्माण ध्वस्त करने की चेतावनी दी।
कोरोना संक्रमण के चलते 25 मार्च को लॉकडाउन घोषित हो गया। इसी के बाद खेल शुरू हो गया। चौराहे पर पुलिस तैनात रही, अधिकारी चक्कर लगाते रहे। उधर, सेटिंग के चलते टिनशेड की आड़ में निर्माण कार्य और तेजी से हुआ। शनिवार को 1500 वर्ग फीट में दो दुकानें, गोदाम सहित पूरा मार्केट तैयार होने के साथ टिनशेड हटा दिया गया।
शनिवार दोपहर बाद सिटी मजिस्ट्रेट उधर से गुजरे और मार्केट बना देख वह दंग रह गए। मार्केट के अंदर घुसे तो निर्माण में लगे मिस्त्री व मजदूर भागने लगे। एक मिस्त्री सिटी मजिस्ट्रेट की पकड़ में आ गया। हालांकि उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया। सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने बताया कि नोटिस जारी करने के बाद न तो कोई जवाब दिया गया और न ही उनके कार्यालय में भूमि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
रोक के बावजूद लॉकडाउन में निर्माण पूरा कर लिया। इससे साफ है कि सरकारी भूमि पर निर्माण हुआ है। इसमें विभागीय कर्मचारी व पुलिस की मिलीभगत से इनकार नहीं जा सकता। वह प्रकरण की पूरी जांच रिपोर्ट तैयार जिलाधिकारी को सौंपेंगे। डीएम के निर्देश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।