ट्रैक्टर व टेंपो की हुई आमने-सामने भिड़ंत में पिता की मौत हो गई, जबकि उसकी पुत्री समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए लोगोें ने चौकी के सिपाहियों की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश जताया और कानपुर- फर्रुखाबाद मार्ग पर पेड़ की डालियां व शव रख रास्ता जाम कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव हुसैनगंज निवासी वर्मा राजपूत (42) अपनी पुत्री विनीता (22) को उसकी ससुराल जिला मैनपुरी के गांव सुल्तानपुर से साथ लेकर टेंपो से गांव लौट रहे थे। बघार चौकी के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टेंपो में भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो सवार वर्मा राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी विनीता और गौसपुर निवासी आजम गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस दौरान चौकी के सिपाही शव को लावारिस बता पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगे। इस पर घायल विनीता ने मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में उसके परिजन व अन्य लोग मौके पर पहुंचे गए। गुस्साए लोगों ने मेडिकल कालेज के पास बैरियर और पेड़ की डाल सड़क पर रख दिया।
इसके बाद वहीं शव भी रखकर रास्ता जाम कर दिया। वे चौकी के सिपाहियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें हटाने की मांग करने लगे। रास्ता जाम होने की सूचना पर विभिन्न दलों के नेता भी पहुंच गए। आसपास के थानों की फोर्स भी पहुंच गई। थानाध्यक्ष ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
तब जाकर करीब तीन घंटे बाद रास्ता खुला। थानाध्यक्ष मोहित यादव ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रैक्टर व टेंपो कब्जे में ले लिया है।