कस्बे की नालियां और गलियों में गंदगी का अंबार होने से नाराज सपा नेता ने
समर्थकों के साथ ब्लाक कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला डाल दिया। इससे
अधिकारी और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। खंड विकास अधिकारी ने आनन फानन
में प्राइवेट सफाई कर्मचारियों को बुलाकर कस्बे की नालियों और गलियों की
सफाई कराई। तब सपा के लोगों ने मुख्य गेट का ताला खोला।
कस्बा के बाजार
की नालियां और गलियों की कई दिनों से सफाई न होने से गंदगी का अंबार था।
नालियों का पानी गलियों में भरने लगा है। इससे नाराज सपा नेता यशवीर सिंह
आर्य अपने समर्थकों के साथ शनिवार को ब्लाक कार्यालय पहुंचे। इन्होंने खंड
विकास अधिकारी रामानंद भार्गव से सफाई कराने की मांग की। बीडीओ ने प्रधान
पुत्र शौकत खां को बुलवाया और सफाई कराने के निर्देश दिए।
प्रधान पुत्र ने
कहा कि सफाई कर्मी नहीं आए हैं। उनके आने पर सफाई करा दी जाएगी। इससे सपा
नेता और समर्थक नाराज हो गए। वह विकास खंड कार्यालय के मुख्य गेट पर आए और
ताला लगा दिया। सपा नेता और समर्थकों ने कहा कि सफाई न होने तक ताला नहीं
खोला जाएगा।
बीडीओ ने आनन फानन में सफाई कर्मियों को बुलवाया और बाजार की
नालियों और गलियों की सफाई कराई। तब कार्यालय के मुख्य गेट का ताला खोला
गया। बीडीओ रामानंद भार्गव ने बताया कि सपा नेता समर्थकों के साथ आए थे।
सफाई को लेकर गेट पर ताला डाल दिया था। सपा जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव ने
बताया कि यशवीर सिंह आर्य पार्टी में नहीं है। इनके खिलाफ प्रशासन को
कार्रवाई करनी चाहिए।