फर्रुखाबाद। एक बाइक की डिकी तोड़कर नकदी भरा पर्स चोरी करने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद भी टहला दिया। पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई। इसके बाद ही पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कादरीगेट थाने के मोहल्ला अंडियाना क्रिश्चियन फील्ड के पीछे निवासी मोनी ने मोहल्ले के ही करन के खिलाफ एसपी के आदेश पर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। कहा कि 29 सितंबर की देर रात वह घर पर नहीं थीं। उसी समय मोहल्ले के आरोपी ने उनकी बाइक की डिकी तोड़कर उसमें रखा पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 6500 रुपये और पायल रखी थीं। पूरी घटना उनके यहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
फुटेज की रिकार्डिंग लेकर थाने गई तो बड़े साहब से आदेश कराने की बात कहकर टहला दिया। पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई। इसके बाद ही उसे न्याय मिल सका। चोरी का वीडियो होने के बावजूद मुकदमे के लिए अधिकारियों के पास भेजने से सवाल खड़े हो रहे हैं।