कमालगंज। भोजपुर से नथुआपुर के बीच गंगा से होने वाला कटान रोकने के लिए करीब 1200 मीटर लंबाई में परकोपाईन परियोजना का प्रस्ताव किया जाएगा। इसके लिए रविवार को ड्रोन उड़ाकर सर्वे किया गया।
रविवार शाम साढ़े चार बजे के बाद नथुआपुर के आसपास खेतों में धान काट रहे किसानों ने गंगा नदी के ऊपर व गांवों के ऊपर ड्रोन उड़ते देखा। इससे कई लोग असमंजस में पड़ गए। बाद में पता चला कि कटान रोकने के लिए तैयार हो रहे परकोपाईन परियोजना के प्रस्ताव में ड्रोन सर्वे की रिपोर्ट शामिल की जानी है। ग्रामीणों ने बताया कि भोजपुर स्थित पंचायत भवन के पास से ड्रोन को उड़ाया गया। वहां से कमालगंज की ओर नथुआपुर, चाचूपुर और गंगा नदी के उस पार तक ड्रोन गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले साल नाथुआपुर के पास जिस परियोजना पर काम हुआ था। वहां से उत्तर-पश्चिम में अब कटान हो रहा है। इसलिए इस क्षेत्र में कटान रोकने को नई परियोजना जरूरी है, अन्यथा नथुआपुर, धारा नगला, भोला नगला, उमराय नगला व कल्लू नगला को और नुकसान होगा।
सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर सीबी सिंह का कहना है कि परियोजना प्रस्ताव के लिए ड्रोन से सर्वे कर लिया गया। अधीक्षण अभियंता व चीफ कार्यालय कानपुर में परियोजना प्रस्तुति में ड्रोन सर्वे की फोटो लगेंगी। फिर लखनऊ में परियोजना पर अंतिम निर्णय होगा।