संपूर्ण समाधान दिवस कायमगंज में फरियाद सुनते एसडीएम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। ‘साहब कई बार संपूर्ण समाधान दिवस के चक्कर काट चुका हूं और कितनी बार आऊं, अब दौड़ा भी नहीं जाता, अब न्याय दिला दीजिए। आपके निर्देश पर मातहत खानापूरी कर चले आते हैं। इसलिए खेत पर बार-बार कब्जा हो जाता है। ठोस कार्रवाई कर दीजिए।’ ये गुहार लगाई समाधान दिवस के कई चक्कर काट चुके ग्रामीण ने तो आश्वासन मिला। इसके अलावा कुल 43 फरियादियों में 5 को ही मौके पर न्याय मिला।
मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम अमित कुमार आसेरी की अध्यक्षता में हुआ। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला दमू निवासी मनोज कुमार ने गुहार लगाई कि उनके पड़ोस का खेत मालिक दबंगई में उनके खेत पर बार-बार कब्जा कर लेता है। एक बार राजस्व कर्मियों ने कब्जा छुड़वा दिया था। कब्जा छुड़वाने को बार-बार उन्हें तहसील के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। शमसाबाद विकासखंड के गांव रोशनाबाद निवासी रवेंद्र कुमार ने कहा कि उन्होंने गांव के विकास कार्यों की आरटीआई के जरिए कई बार सूचना मांगी, लेकिन उन्हें जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
गांव पहाड़पुर अठसैनी के नरेंद्र कुमार ने कहा उनके पड़ोसी ने उनके खेत की मेड़ तोड़ दी। इस पर एसडीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए लेखपाल से जांच कराकर मेड़ तोड़ने वाले के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए। गांव गुलबाजनगर निवासी बहादुर सिंह ने कहा कि गांव के ही ग्रामीण ने बंबे की नाली बंद कर दी है। तहसीलदार भूपाल सिंह, नायब तहसीलदार पवन गुप्ता, एसडीओ दिलीप कुमार, जेई नितिल उपाध्याय, बीईओ शिव कुमार एसआई मीनेश पचौरी आदि मौजूद रहे।