फर्रुखाबाद। एक पखवारा से पुत्र लापता है, पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली लेकिन अब तक बरामदगी नहीं की है। एएसपी के सामने पहुंची महिला पुुत्र के न मिलने पर फूट-फूट कर रोने लगी। एएसपी ने महिला को भरोसा दिया कि पुत्र की शीघ्र सकुशल बरामदगी की जाएगी। इसको लेकर एएसपी ने विवेचक को ठोस कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
शहर कोतवाली के मोहल्ला गढ़ी नवाब न्यामत खां रेलवे रोड निवासी सुनीता मलिक सोमवार को एएसपी के सामने पहुंची। उन्होंने बताया कि पुत्र रवि मलिक 19 दिसंबर को घर से बाहर निकल गया। उसके बाद वह वापस नहीं आया। तलाशने पर भी उसका पता नहीं चला। 21 दिसंबर को पुलिस ने महिला की तहरीर पर पुत्र रवि की गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुत्र रवि का मोबाइल स्विच आफ जा रहा है। सुनीता ने आरोप लगाया कि पुलिस इतना समय बीतने के बाद भी कुछ नहीं कर सकी है। एएसपी ने में विवेचना कर रहे दरोगा को निर्देश दिए कि रवि की शीघ्र बरामदगी की जाए।