क्रिश्चियन कालेज मैदान में टेंपो चालकों से बात करते टीएसआई। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर टेंपो चालकों ने क्रिश्चियन कॉलेज मैदान में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे टीएसआई, कादरीगेट चौकी प्रभारी ने समझाया और चेतावनी भी दी। जब टेंपो चालक नहीं माने, तो उन्हें किसी भी कीमत पर बिना कागज पूरे किए टेंपो न चलाने की चेतावनी दी। बाद में डंडे फटकार कर सभी को भगा दिया।
काफी दिनों से टीएसआई देवेश कुमार फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर चल रहे टेंपो के आईटीआई चौराहे पर कागज देखकर उन पर नंबरिंग कर रहे हैं। बिना नंबर के टेंपो आईटीआई से सातनपुर होकर सेंट्रल जेल निकाले जा रहे हैं। टीएसआई के इस काम का टेंपो चालकों ने विरोध किया। सुबह करीब 10 बजे तमाम टेंपो चालक क्रिश्चियन कॉलेज मैदान पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। टेंपो चालक मार्ग पर जाम लगाने की मंत्रणा कर ही रहे थे कि टीएसआई देवेश कुमार, कादरीगेट चौकी प्रभारी बलराज भाटी समेत कई पुलिस कर्मी पहुंच गए।
टीएसआई ने टेंपो चालकों को समझाया। कहा कि यातायात नियमों का पालन करना ही होगा। जाम लगाया, तो हर हाल में कार्रवाई करेंगे। मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। इस पर आंदोलनरत टेंपो चालकों में दो फाड़ हो गए। आधे से ज्यादा टेंपो चालक पुलिस की हां में हां मिलाने लगे। इस पर चालक अपने वाहन लेकर चलने लगे। करीब 10-12 टेंपो फिर भी मैदान में खड़े रहे, तो टीएसआई के निर्देश पर डंडा फटकार कर उन्हें भगा दिया गया। टेंपो चालकों ने यातायात पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
‘60 फीसदी टेंपो चालकों पर ड्राइविंग लाइसेंस नहीं हैं। टेंपो के कागज पूरे हों। अब किसी भी कीमत पर यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने देंगे। निर्धारित से ज्यादा सवारियां भरकर चलते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। अनियमित काम नहीं होने देंगे। नंबर डलवाने ही होंगे।’- देवेश कुमार, टीएसआई।