फर्रुखाबाद। विद्युत वितरण मंडल फर्रुखाबाद के खंड कार्यालयों में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्ति करने के नाम पर बेरोजगारों को ठगने का खेल चल रहा है। कुछ लोग 40 से 50 हजार रुपये लेकर एक कार्यदायी संस्था के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर रहे हैं। जिस फर्म के लेटर पैड पर नियुक्ति पत्र जारी हो रहा है, उस फर्म का विद्युत वितरण मंडल कार्यालय में कोई ठेका नहीं है और न ही कोई संविदा पर कर्मचारियों के रिक्त पद हैं।
विद्युत वितरण मंडल फर्रुखाबाद के तहत तीन खंड कार्यालय हैं। इन खंड कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले विद्युत उपकेंद्र व कैश काउंटर व उपखंड कार्यालयों पर संविदा पर कर्मचारी रखे जाते हैं। इसके लिए निगम से टेंडर होता है। जिस ठेकेदार का टेंडर स्वीकृत होता है। उससे अनुबंध के बाद कर्मचारियों को रखा जाता है। खंड कार्यालय में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात किए जाने को एक कार्यदायी संस्था के नाम से शहर में ठगी का खेल चल रहा है। कुछ लोग 18 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय की नौकरी दिलाने के नाम पर 40 से 50 हजार रुपये की वसूली कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इस ठगी के खेल में एक कार्यदायी संस्था और एक कालेज के कुछ शिक्षक शामिल हैं। कुछ युवकों से रुपये लेने के बाद उनको कार्यदायी संस्था के लेटर पैड पर उपकेंद्र निर्धारित कर तैनाती संबंधी नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। यह पत्र कार्यदायी संस्था की ओर से अवर अभियंता विद्युत उपकेंद्र के नाम लिखा गया है। इससे कुछ लोग बेरोजगारों को नौकरी देने के नाम पर ठगी कर रहे हैं।
क्या कहते जिम्मेदार
विद्युत वितरण मंडल के खंड कार्यालयों में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर रखने के लिए किसी भी नई फर्म से अनुबंध नहीं हुआ है। पुरानी जिस फर्म से अनुबंध है, उसके कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसके अलावा कोई पद रिक्त नहीं है। एक संस्था द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर के पद कर्मचारी की नियुक्ति पत्र देखने को मिला है। वह फर्जी नियुक्ति पत्र है। उस संस्था से कंप्यूटर ऑपरेटर मुहैया कराने के संबंध में कोई अनुबंध नहीं हुआ है।
-एके श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता विद्युत