फर्रुखाबाद। कारोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शासन ने निजी अस्पतालों में भर्ती बुखार पीड़ित गंभीर मरीजों का भी कोरोना टेस्ट कराने के आदेश जारी कर दिए। इससे निजी अस्पतालों से ऐसे मरीजों की सूची बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
गैर प्रांत या जनपदों से लौटे कई व्यक्तियों ने जिला प्रशासन को सूचना नहीं दी। बाद में बुखार, खांसी व सांस फूलने जैसी दिक्कत महसूस होने पर निजी अस्पतालों का रुख किया। इससे भी कारोना संक्रमण बढ़ने की आशंका बनी हुई है। इन हालातों को देखते हुए कोरोना वायरस के संक्रमण पर नियंत्रण को शासन ने निजी अस्पतालों के गंभीर मरीजों की कारोना जांच कराने का आदेश जारी किया है। इससे जिले के सभी 113 नर्सिंगहोम संचालकों को बुखार से पीड़ित भर्ती गंभीर मरीजों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डा.राजीव शाक्य ने बताया कि शासन के निर्देश पर निजी अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीजों की कोरोना वायरस संक्रमण की आशंका में जांच कराई जाएगी। निजी अस्पतालों से बुखार पीड़ित गंभीर भर्ती मरीजों की सूचना मांगी गई है।