फर्रुखाबाद। लॉकडाउन के दौरान रेलवे स्टेशन पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। चौबीसों घंटे गुलजार रहने वाले प्लेटफामों पर अब सिर्फ आरपीएफ के मुलाजिम और सफाई कर्मचारी ही नजर आ रहे हैं। टिकटघर में वाणिज्य अधीक्षक ने ताला डालकर सील कर दिया है।
पांच-छह दशक बाद ऐसा हुआ कि ट्रेनों के पहिए पूरी तरह से थम गए। इस वक्त सिर्फ दो-चार मालगाड़ी ही गुजर रही हैं। इसलिए टिकटघर को सील कर दिया गया है। प्लेटफार्म पर तीन ट्रेनें खड़ी हैं। रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए आरपीएफ के जवान ड्यूटी पर मुस्तैद हैं और सफाई को कर्मचारी भी काम कर रहे हैं। यही नहीं मालगाड़ियों के संचालन के लिए चंद कर्मचारी ड्यूटी पर आ रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है।