मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुर खजुरी के प्राथमिक विद्यालय से गुरुवार को पुलिस ने तीन ट्रक शराब बरामद की है। शराब की कीमत डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
गांव नदौरा के रहने वाले विपिन यादव व बलराम यादव का नीबकरोरी स्टेशन केे पास शेखपुर खजुरी में एक मकान है, वहीं पास में प्राथमिक विद्यालय है। सीओ मोहम्मदाबाद लेखराज सिंह और स्वाट प्रभारी ब्रजेश यादव को सूचना मिली कि गांव शेखपुर खजुरी में विपिन यादव और बलराम यादव के घर में भारी मात्रा में शराब भरी है। पुलिस टीम ने छापा मारा तो विपिन यादव के कमरे और तहखाने में शराब बनाने के उपकरण, शीशी तथा होलोग्राम मिले।
प्राथमिक विद्यालय के दो कमरे शराब से भरे थे। सीओ का कहना है कि दो हजार पेटी शराब बरामद हुई है। एक पेटी में 45 पौवा होते हैं। एक पौवा की कीमत 65 रुपये होने के कारण इस शराब की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस को देखते ही विपिन यादव व बलराम यादव तथा घर की महिलाएं भाग गईं। पुलिस ने वहां से ब्रजराज यादव को हिरासत में ले लिया है। प्रधानाध्यापक गीता देवी को बीईओ मोहम्मदाबाद सुमित वर्मा ने कारण बताओ नोटिस दिया है। बीईओ का कहना है कि इससे प्रधानाध्यापिका की लापरवाही दिखती है। वहीं प्रधानाध्यापिका ने बताया कि उसे जानकारी नहीं थी। कमरे बंद रहते थे।
हरियाणा की 80 पेटी शराब बरामद
फर्रुखाबाद। हरियाणा प्रांत की 80 पेटी अंग्रेजी शराब पुलिस ने एक मकान से बरामद की है। पुलिस मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थाना मऊदरवाजा के गांव अजमतपुर के एक मकान में गुरुवार को हरियाणा की शराब होने की सूचना पर रायपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह यादव ने फोर्स के साथ छापा मारा। यहां 80 पेटी शराब बरामद की है। इन गत्तों में नैना व्हिस्की लिखा था। पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में ले लिया है। सीओ सिटी योगेश कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए मकान मालिक से पूछताछ चल रही है।