सातनपुर मंडी में तौला जा रहा आलू।
- फोटो : FARRUKHABAD
700 रुपये क्विंटल तक गिरा आलू का भाव, किसान मायूस
फर्रुखाबाद। सब्जियों के राजा आलू के भाव में दूसरे दिन 700 रुपये प्रति क्विंटल की भारी गिरावट आई है। इससे किसानों में मायूसी छा गई है। हालांकि फुटकर बाजार में आलू के भाव में अभी कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। हल्की गिरावट आने से रसोई का खर्चा कुछ कम हुआ है।
सातनपुर मंडी में पिछले चार दिनों से आलू की आवक चार गुनी हो गई है। इससे भाव में भारी गिरावट जारी है। शुक्रवार को मंडी में आलू का भाव 701 से 921 रुपये प्रति पैकेट (50 किलो) रहा। शुक्रवार को मंडी में करीब 140 ट्रक आलू की आवक हुई। पिछले चार दिनों के आलू भाव पर नजर डालें तो मंगलवार को मंडी में करीब 35 ट्रक आलू आया जो 1400 से 1500 रुपये पैकेट (50 किलो) बिका।
बुधवार को पहुंचे 55 ट्रक आलू की बिक्री 1200 से 1450 रुपये प्रति पैकेट हुई। गुरुवार को 100 ट्रक से अधिक आलू पहुंचने से मंडी में भाव धड़ाम हो गया। करीब 300 से 350 रुपये प्रति पैकेट भाव टूटकर 900 रुपये से 1200 रुपये प्रति पैकेट आलू की बिक्री हुई। आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष सुधीर वर्मा रिंकू ने बताया कि आलू की आवक लगातार बढ़ने से भाव गिर रहा है। इस भाव से आलू बिकने में किसान मायूस हैं। उन्हें अपनी लागत निकालना मुश्किल लग रहा है।