अमृतपुर। शासन की ओर से किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए खोले गए केंद्रों पर बारदाने की कमी के बीच प्रशासन ने कोटेदारों के माध्यम से व्यवस्था संभालने की पहल कर रहा है। गेहूं क्रय केंद्र पर अब तक 41 कोटेदारों से बारदाना एकत्र किया जा चुका है, जिससे गेहूं की खरीद कार्य प्रभावित न हो।
हाट शाखा राजेपुर क्षेत्र में शनिवार को कोटेदार राशन वितरण के बाद खाली बोरे (बारदाना) लेकर क्रय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। केंद्र प्रभारी मृदुला यादव ने बताया कि अब तक 41 कोटेदारों से करीब 3,700 पैकेट प्राप्त हो चुके हैं, लगभग 2,000 पैकेट केंद्र पहले से उपलब्ध हैं। इनके माध्यम से अब तक तीन किसानों से 175 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। कोटेदारों को बारदाना का रुपये भी दिया मिलेगा।
महेशपुर गांव के किसान रघुवीर सिंह दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर क्रय केंद्र पर पहुंचे। वहां खरीद प्रक्रिया जारी रही। वहीं साधन सहकारी समिति अमृतपुर में 500 पैकेट की उपलब्धता के आधार पर 250 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। सचिव रवि दत्त दीक्षित ने बताया कि बारदाना की डिमांड भेजी गई है।
दूसरी ओर, साधन सहकारी समिति नयागांव हुसैनपुर हड़ाई में अब तक बारदाना नहीं पहुंच सका है। इससे वहां खरीद कार्य प्रभावित है। साधन सहकारी समिति गांधी के सचिव बालमुकुंद सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष के करीब 1900 पैकेट उपलब्ध थे। इनके सहारे ही फिलहाल खरीद की जा रही है। अब तक लगभग 12 पैकेट भरे जा चुके हैं। बारदाने की कमी के बावजूद कोटेदारों के सहयोग से गेहूं खरीद को सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।