पांचाल घाट पर मेला रामनगरिया की शुरू हो गईं तैयारियां। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
अमृतपुर। पांचाल घाट पर माघ में लगने वाले रामनगरिया मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। भूमि समतल करने के साथ ही टिन शेड लगाने के लिए बल्लियां आदि लगने लगी हैं। वहीं अस्थाई शौचालय बनाने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं।
पांचाल घाट पर 10 जनवरी से गंगा की रेती पर एक माह के लिए लगने वाले रामनगरिया मेले की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन ने पहले से ही कमर कस ली है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से जुटा है। गंगा के तट पर टिन शेड डालने के लिए बल्लियां आदि लगाने का काम शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं के लिए शौचालय बनने के लिए गड्ढे खोदे जाने लगे हैं। ट्रैक्टर व जेसीबी से जगह का समतलीकरण कराया जा रहा है। मेला प्रबंधक संदीप दीक्षित ने बताया कि 10 जनवरी से पहले सभी काम पूरे किए जाएंगे।