लोहिया में बहुमंजिला आइसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी
फर्रुखाबाद। कोरोना काल में अस्पतालों के आइसोलेशन वार्डों की उपयोगिता अहम है। इस वक्त लोहिया अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड की कमी हैै। इससे अस्पताल प्रशासन 50 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी में है। इसके लिए निदेशक स्वास्थ्य को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
आसपास के कई जिलों में सबसे अधिक सुविधाओं वाले डा. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड की कमी है। कोरोना संक्रमण के शुरुआती दौर में ईएनटी वार्ड को आइसोलेशन बना दिया गया, मगर जब बीमारी ने पांव पसारे तो व्यवस्थाएं बढ़ाई गईं। तीसरी मंजिल पर बने प्राइवेट वार्डों को आइसोलेशन में तब्दील कर दिया गया।
वहां तक जाने को पूरे अस्पताल से होकर गुजरना होता था। ऐसे में बचाव को बंद पड़े बर्न यूनिट के अलग से बने भवन को आइसोलेशन वार्ड में बदल दिया गया। अब आइसोलेशन का स्थायी भवन बनवाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
इसमें 50 बेड का लेआउट बनाया गया है। भवन को कम स्थान में बनाने के लिए बहुमंजिला इमारत का प्रस्ताव है। इसमें चिकित्सक समेत अन्य स्टाफ के रुकने आदि की भी व्यवस्था रहेगी। इस प्रस्ताव को शासन से हरी झंडी मिल जाती है, तो आने वाले किसी भी संक्रमण से निपटने में सहूलियत मिलेगी।
‘बर्न यूनिट में अधिक दिन तक आइसोलेशन वार्ड नहीं चलाया जा सकता। कभी भी इसकी भी जरूरत पड़ सकती है। इसलिए आइसोलेशन को अलग से वार्ड बनाने के लिए प्रस्ताव पर मुहर लगते ही बनना शुरू हो जाएगा।’ -डा.एसपी सिंह, सीएमएस, लोहिया पुरुष अस्पताल