फोटो-10 सीएचसी में मृतका के परिजनों को समझाते तहसीलदार। संवाद
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव गऊटोला निवासी गर्भवती महिला की सोमवार रात निजी अस्पताल में हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। देर रात परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया, लेकिन मंगलवार सुबह तहसीलदार के समझाने पर वे राजी हो गए।
गांव गऊटोला निवासी महफूज की पत्नी सहजी (30) को रात में प्रसव पीड़ा होने पर परिजन एक निजी अस्पताल ले गए। परिजनों के मुताबिक उपचार के दौरान उसकी हालत अचानक खराब हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने रात करीब 12 बजे उसे सीएचसी रेफर कर दिया। सीएचसी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया और पुलिस को मेमो भेज दिया।
सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और शव को कब्जे में लेना चाहा, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़ गए। रातभर सीएचसी परिसर में पुलिस व परिजन मौजूद रहे। सुबह महिला के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। किसी भी पक्ष ने एक-दूसरे पर कोई आरोप नहीं लगाया। मंगलवार सुबह तहसीलदार विक्रम सिंह सीएचसी पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए तैयार किया। इसके बाद एसएसआई सुरजीत सिंह ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में सीएचसी लाया गया था। प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।