फर्रुखाबाद। दोस्त जितेंद्र कुशवाह की बरात चढ़ते समय फोन पर बात करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली के बगल से निकले युवक पर टक्कर के बाद ट्रक चढ़ गया।
युवक ट्रक में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। साथी उसे लोहिया अस्पताल ले गए, वहां उसने दम तोड़ दिया। चालक का पीछा करने पर भी चौकी प्रभारी ट्रक नहीं पकड़ सके। एटा के देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला अहमद निवासी संतोष कुशवाहा (20) गांव के ही दोस्त की बरात में कादरीगेट थाने के गांव सातनपुर में सोमवार रात आया था। देर रात बरात गुंजन बिहार कॉलोनी के पास पहुंची। वहां संतोष फोन पर बात करते हुए सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली के पीछे से जैसे ही सड़क पर आया, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
संतोष ट्रक में फंसता हुआ करीब 20 मीटर घिसटता चला गया। बरातियों की चीख पुकार पर भी चालक ने ट्रक नहीं रोका। मौके पर मौजूद आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने ट्रक को पकड़ने का प्रयास किया, मगर नाकाम रहे।
घायल संतोष के चचेरे भाई चरन सिंह उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ताऊ के बेटे केशव सिंह ने बताया कि संतोष छह भाइयों में दूसरे नंबर का था। मां गंगा देवी और शादीशुदा चार बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वह दिल्ली में नौकरी करता था।